संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुटेरस रोहिग्या मुस्लिम समुदाय के संबंध में म्यांमार के सैन्य प्रमुख के बयान से हतप्रभ हैं। गुटेरस के प्रवक्ता फरहान हक ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, ‘महासचिव म्यांमार के शीर्ष जनरल यू मिन आंग हलाइंग की टिप्पणियों से संबंधित रिपोर्ट से हतप्रभ हैं।’
समाचार एजेंसी सिन्हुआ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कचीन राज्य में एक जनसभा को संबोधित करते हुए हलाइंग ने कथित रूप से रोहिंग्या समुदाय को ‘बंगाली’ बताया था और कहा था कि उन लोंगो (रोहिंग्या) की संस्कृति और विशेषता म्यांमार की जातीयता से नहीं मिलती है।
बयान के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने म्यांमार में सभी नेताओं से नफरत को बढ़ावा देने के प्रयासों से निपटने के लिए एकीकृत कदम उठाने और सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ाने का आग्रह किया। बयान के अनुसार, ‘महासचिव ने हिंसा के मूल कारण को सुलझाने और जरूरतमंदों को सुरक्षा व सहायता मुहैया कराने की सरकार की जिम्मेदारी की महत्ता को दोहराया।’
विद्रोही रोहिंग्याओं ने 25 अगस्त 2017 को रखाइन प्रांत में सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया था, जिसके बाद कथित रूप से म्यामांर की सेना ने रोहिंग्या समुदाय पर बड़े पैमाने पर हमला किया था। हमले के फलस्वरूप लगभग 688,000 रोहिग्या शरणार्थियों को पड़ोसी देश बांग्लादेश में शरण लेना पड़ा था।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



