अमित शाह की फिसली जुबान, अपनी ही पार्टी के सीएम उम्मीदवार येदियुरप्पा को बता दिया ‘सबसे भ्रष्ट, फिर किया सुधार

Summary :

NULL

बेंगलुरु: कर्नाटक चुनाव के मद्देजनर दावणगेरे में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जुबान आज फिसल गई। शाह गलती से यह बोल गए कि अगर भ्रष्टाचार की कोई प्रतियोगिता हो तो येदियुरप्पा सरकार भ्रष्टाचार में नंबर वन है। इस दौरान शाह ने कहा, ‘यदि भ्रष्टाचार में कोई प्रतिस्पर्धा कर ली जाए तो येदियुरप्पा सरकार को इस प्रतियोगिता में पहला स्थान मिल जाएगा। इस बयान के बाद शाह की दूसरी ओर बैठे बीजेपी नेता ने उन्हें याद दिलाया कि गलती से उन्होंने अपने ही नेता का नाम ले लिया है, इसके बाद शाह ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि उनका अर्थ वर्तमान की सिद्धारमैया सरकार से था। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर इसका जमकर मजाक उड़ाया।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, अमित शाह ने आखिरकर सच बोला। थैंक्यू अमित शाह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस मामले पर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘अब क्योंकि बीजेपी आईटी सेल ने कर्नाटक चुनाव की घोषणा कर दी है तो टॉप सीक्रेट कैंपेन वीडियो भी देख लिया जाए। यह बीजेपी अध्यक्ष की ओर से तोहफा है। कर्नाटक में हमारे कैंपेन की अच्छी शुरुआत हुई है। वह कहते हैं कि येदियुरप्पा ने अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार चलाई है। इससे पहले अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस की तुलना में जिन राज्यों में बीजेपी की सरकारें हैं वहां किसानों ने कम आत्महत्याएं की हैं। अमित शाह ने कहा कि 40 लाख की घड़ी पहनने वाले सीएम सिद्धारमैया किसानों की तकलीफों की बात करते हैं, जो किसी भी तरह से मेल नहीं खाता है।

शाह ने कहा, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में 15 सालों से बीजेपी की सरकारे हैं और इन राज्यों में बहुत ही कम संख्या में किसानों ने आत्महत्या की हैं। उनका दावा था कि जो भी खुदकुशी हुई हैं वह उनमें ज्यादातर मामले ‘अवसाद और व्यक्तिगत वजहों’ से जुड़े हैं। महाराष्ट्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां कि बीजेपी सरकार किसानों की हितैषी है। जब से बीजेपी सत्ता में आई है वहां पर किसानों की खुदकुशी के मामले कम हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की ओर से किसानों के हित से जुड़ी योजनाएं अब किसानों का भविष्य संवार रही हैं।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ

Desk Team