ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लोगों से कहा है कि वह लॉकडाउन हटाने को लेकर अभी कोई गारंटी नहीं दे सकते हैं कि क्योंकि अप्रैल 2020 में कोविड-19 महामारी के चरम पर रहने की तुलना में अब भी अस्पतालों में कहीं अधिक संख्या में संक्रमित मरीज भर्ती हैं। जॉनसन ने सर्वाधिक जोखिमग्रस्त आबादी को कोविड-19 टीके की पहली खुराक 1.5 करोड़ लोगों को देने का लक्ष्य इस हफ्ते सरकार के पूरे करने के बाद टीकाकरण कार्य में शामिल हर किसी की सराहना की।
उन्होंने अभूतपूर्व राष्ट्रीय उपलब्धि की सराहना की, लेकिन कहा कि अभी आराम से बैठने का वक्त नहीं आया है। पीएम जॉनसन ने कहा,‘‘अगले हफ्ते हम लॉकडाउन से बाहर निकलने का खाका पेश करेंगे, हालांकि कुछ चीजें बहुत ही अनिश्चित हैं।’’ उन्होंने अनलॉक योजना के लिए पूर्व निधार्रित 22 फरवरी की तारीख का जिक्र करते हुए यह कहा। उन्होंने कहा,‘‘चूंकि हम चाहते हैं कि यह लॉकडाउन अंतिम हो और हम सावधानी के साथ आगे बढ़ें। इसलिए, कृपया घरों के अंदर ही रहें और जीवन की रक्षा करें। ’’
प्रधानमंत्री जॉनसन ने कहा कि पाबंदियों में ढील देने को लेकर वह आशावादी हैं लेकिन मौजूदा लॉकडाउन आगे नहीं बढ़ाये जाने के बारे में वह गारंटी नहीं दे सकते हैं। सरकार लॉकडाउन की पाबंदियां हटाने के प्रथम कदम के तौर पर 8 मार्च से स्कूलों को फिर से खोलना शुरू करने की उम्मीद कर रही है। ब्रिटेन में सोमवार को कोविड-19 के 9,765 नये मामले सामने आए। पिछले साल 2 अक्टूबर के बाद से पहली बार संक्रमण का प्रति दिन का का आंकड़ा 10,000 से नीचे आया है।


Download Android App
Download iOS App


