विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि 2,000 अमेरिकी डॉलर प्रति व्यक्ति आय वाला भारत, रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण तेल की कीमतें बढ़ने को लेकर चिंतित है और यह ‘‘हमारी कमर तोड़ रहा है।’’
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जयशंकर ने कहा कि विकासशील देशों के बीच इसे लेकर बहुत गहरी चिंता है कि उनकी ऊर्जा जरूरतें कैसे पूरी होगी।
यूक्रेन युद्ध के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘हमने निजी, सार्वजनिक, गोपनीय और निरंतर रूप से यह रुख अपनाया है कि यह संघर्ष किसी के भी हित में नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि सबसे अच्छा तरीका संवाद और कूटनीति की ओर लौटने का है। उन्होंने कहा, ‘‘हम तेल की कीमत को लेकर चिंतित हैं, लेकिन हमारी 2,000 डॉलर प्रति व्यक्ति की अर्थव्यवस्था है। तेल की कीमत हमारी कमर तोड़ रही है और यह हमारी बहुत बड़ी चिंता है।’’
भारत के रूस से सैन्य उपकरण खरीदने के एक सवाल के जवाब में जयशंकर ने कहा, ‘‘हम अपने सैन्य उपकरण कहां से लेते हैं, यह कोई मुद्दा नहीं है, जो भी मुद्दा है वह भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण बदल गया है।’’


Download Android App
Download iOS App



