अमेरिका में संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एंथनी फाउची ने कहा कि धीमी शुरुआत के बावजूद अमेरिका में जल्द ही कोविड-19 के कम से कम 10 लाख टीके प्रतिदिन लगाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने देश में अगले कुछ सप्ताह में संक्रमण के मामले बढ़ने को लेकर आगाह भी किया।
टीकाकरण की गति धीमी होने से स्वास्थ्य अधिकारियों और जनता दोनों में निराशा है। फाउची ने ‘एपी’ से कहा, ‘‘ जब भी आप एक बड़ा कार्यक्रम शुरू करते हैं, तो कुछ समस्याएं आती ही हैं। मुझे लगता है कि इन समस्याओं को अब दूर कर लिया गया है।’’
उन्होंने कहा कि टीकाकरण 14 दिसम्बर को शुरू हुआ था और अब इसने रफ्तार पकड़नी शुरू कर ली है, अब भी एक दिन में करीब पांच लाख टीके रोज लगाए जा रहे हैं। फाउची ने कहा कि अब छुट्टियां खत्म होने के बाद , ‘‘ मुझे लगता है एक दिन में 10 लाख या उससे अधिक टीके लगेंगे।’’ उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन का 100 दिन में 10 करोड़ टीके लगाने का लक्ष्य ‘‘बेहद यथार्थवादी, महत्वपूर्ण और ऐसा लक्ष्य है, जिसे हासिल किया जा सकता है’’।


Download Android App
Download iOS App



