कोलंबो: मालदीव में राष्ट्रपति चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी गई है। विपक्ष के उम्मीदवार इब्राहीम मोहम्मद सोलिह ने चुनावों में बाजी मारी है। चुनाव नतीजों से सभी चकित हैं, क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान वहां मौजूद पर्यवेक्षकों का आरोप था कि निवर्तमान राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन ने अपनी जीत पक्की करने के लिए गड़बड़ियां की हैं, लेकिन परिणाम इसके विपरीत रहे और सोलिह ने जीत दर्ज की। चुनाव आयोग द्वारा सोमवार की सुबह घोषित परिणाम के अनुसार, सोलिह को 58.3 प्रतिशत मत मिले हैं। सोलिह की जीत की घोषणा होने के साथ ही सड़कें विपक्ष के समर्थकों से भर गयीं। सभी अपने हाथों में सोलिह की मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) के पीले झंडे लिये नाच रहे थे।
मालदीव में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद यामीन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है। सोलिह को विपक्ष का समर्थन प्राप्त था। रविवार को हुए चुनाव में और कोई उम्मीदवार नहीं था क्योंकि ज्यादातर लोगों को सरकार ने जेल में डाल दिया था या निर्वासित कर दिया था। इससे पहले, देर रात सोलिह ने बढ़त मिलने के बाद यामीन को फोन करके जनमत का सम्मान करने और हार स्वीकार करने को कहा था। सोलिह ने टीवी पर प्रसारित अपने भाषण में कहा था, ‘‘मैंने यामीन को फोन करके जनमत का सम्मान करने और सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण की बात कही।’’ उन्होंने यामीन से सभी राजनीतिक कैदियों को तुरंत रिहा करने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



