PAK ने फिर अलापा कश्मीर राग : UNGA में इमरान खान ने दी परमाणु बम की धमकी

Summary :

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के मंच पर आज कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए भारत पर आरोप लगाया कि वह इस्लामिक आतंकवाद के नाम पर कश्मीर घाटी में क्रूरता कर रहा है और धमकी दी कि दोनों देशों के बीच परमाणु यद्ध की नौबत आ सकती है।

संयुक्त राष्ट्र : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के मंच पर आज कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए भारत पर आरोप लगाया कि वह इस्लामिक आतंकवाद के नाम पर कश्मीर घाटी में क्रूरता कर रहा है और धमकी दी कि दोनों देशों के बीच परमाणु यद्ध की नौबत आ सकती है। 
श्री खान ने महासभा के अधिवेशन में निर्धारित समय से काफी देर तक अपनी तकरीर में भारत के खिलाफ जम कर जहर उगला। इस बीच निर्धारित समय पूरा होने का संकेत बार बार आता रहा लेकिन उन्होंने इसकी अवेहलना की। 
उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर में कर्फ्यू जैसे हालात हैं और लोग अपने घरों में कैद हैं। भारत को स्थिति को सामान्य बनाना चाहिए। 
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारत द्वारा जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाये जाने के संबंध में कहा कि उसने वहां का विशेष दर्जा समाप्त कर दिया और इस तरह सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन किया है। 
उन्होंने घमकी दी कि यदि दुनिया ने भारत और पाकिस्तान के बीच इस समय हस्तक्षेप नहीं किया तो दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच युद्ध हो सकता है और परमाणु हमले की नौबत आ सकती है। इसके दुष्परिणाम पूरी दुनिया को भगतने पड़गे। 
इससे कुछ ही देर पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अधिवेशन को संबोधित किया था लेकिन उन्होंने पाकिस्तान का एक बार भी जिक्र नहीं किया जबकि श्री खान ने पाकिस्तान का असली चेहरा उजागर करते हुए भारत के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाये।

Shera Rajput