पाकिस्तानी अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने देश की समुद्री सीमा में कथित रूप से आने को लेकर 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी दो नौकाएं जब्त की हैं।
पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘‘शुरुआती जांच के बाद, गिरफ्तार मछुआरों को आगे की कानूनी औपचारिकताओं के लिए डॉक्स पुलिस कराची को सौंप दिया गया है।’’
बयान के मुताबिक, नियमित निगरानी के दौरान पूर्वी समुद्री विशेष आर्थिक जोन में दो भारतीय नौकाएं और उनके चालक दल के 11 सदस्यों को देखा गया।
उसमें कहा गया है कि हाल के दिनों में पाकिस्तानी समुद्री सीमा में प्रवेश की कई कोशिशें देखी गई हैं इसलिए पीएमएसए के जहाज, विमान और तेज नौकाएं क्षेत्र में गश्त लगाती हैं और उसकी निगरानी करती हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘मौजूदा हालात और यह तथ्य देखते हुए कि ऐसाी नौकाओं में सामान्य तौर पर जीपीएस डिवाइस लगा होता है, हमारी समुद्री सीमा में बहुत अंदर उनकी मौजूदगी चिंता का विषय है, क्योंकि इन नौकाओं का उपयोग गलत कार्यों के लिए भी किया जा सकता है।’’
गौरतलब है कि पाकिस्तान और भारत अरब सागर में स्पष्ट समुद्री सीमा नहीं होने के कारण अकसर एक-दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार करते रहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



