Pakistan Flood News: पाकिस्तान इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है। इस आपदा ने पूरे देश में भारी नुकसान पहुंचाया है, खासकर पंजाब प्रांत में हालात बेहद खराब हैं।पाकिस्तान के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) के मुताबिक, इस बाढ़ से लगभग 4.1 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। पंजाब प्रांत के 25 जिलों में करीब 4,100 गांव पानी में डूब गए हैं।
Pakistan Flood News: पंजाब में 56 लोगों की मौत
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 26 अगस्त से अब तक पंजाब में कम से कम 56 लोगों की जान जा चुकी है। इन मौतों की वजह बाढ़, पानी में डूबना और अन्य हादसे बताए जा रहे हैं।सरकार ने बाढ़ से बेघर हुए लोगों के लिए 425 राहत शिविर और टेंट सिटी स्थापित की हैं, जहां उन्हें अस्थायी ठिकाना, खाना और जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं।

Lahore News: स्वास्थ्य सेवाएं और बीमारियों का इलाज
बाढ़ प्रभावित इलाकों में 500 से ज्यादा चिकित्सा शिविर चलाए जा रहे हैं। यहां लगभग 1.75 लाख लोगों का इलाज किया गया है, जो कि चोट, संक्रमण और जलजनित बीमारियों से पीड़ित हैं।बचाव टीमों ने अब तक 2 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा दिया है। इसके साथ ही 1.5 करोड़ मवेशियों को भी बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, ताकि किसानों की आजीविका बचाई जा सके।

Punjab Flood News: नदियों का जलस्तर बना खतरा
बाढ़ का मुख्य कारण रावी, सतलुज और चिनाब नदियों में आया उफान है। इन नदियों के किनारे बसे हजारों गांव बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। हालांकि, कुछ इलाकों में अब चिनाब नदी और बाढ़ बांधों में पानी का स्तर घटने लगा है, जिससे थोड़ी राहत मिली है। मुल्तान के उपायुक्त वसीम हामिद सिंधु ने बताया कि प्रशासन ने संभावित बाढ़ की नई लहर से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। फिर भी अधिकारियों ने नदी के जलस्तर में दोबारा वृद्धि की संभावना जताई है।

पूरे देश में भारी नुकसान
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के अनुसार, मानसून की शुरुआत 26 जून से हुई थी। तब से अब तक पूरे देश में 900 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: रूस ने फिर यूक्रेन पर बरसाई हवाई आफत, दागे 800 से अधिक ड्रोन, कैबिनेट बिल्डिंग को भी बनाया निशाना


Download Android App
Download iOS App




