इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने अगस्त में नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से 60 लाख से अधिक लोगों के प्रभावित होने के मद्देनजर अपने करीबी मित्र को पुनर्निर्माण प्रयासों में मदद के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर दिये है। विदेश कार्यालय ने आज यह जानकारी दी। नेपाल में अगस्त में बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन से 120 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और कई लापता हुए थे।
सरकार ने कहा था कि इस आपदा में 2,847 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए थे जिससे देशभर में 60 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए थे। विदेश कार्यालय (एफओ) ने एक बयान में बताया कि नेपाल में पाकिस्तान के राजदूत मजहर जावेद ने नेपाली लोगों और सरकार के साथ एकजुटता दिखाते हुए कल नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को दस लाख अमेरिकी डॉलर का एक चेक सौंपा।
एफओ ने कहा, आपदा से प्रभावित अपने नेपाली भाइयों एवं बहनों के लिए पाकिस्तान सरकार और लोगों की ओर से यह सहयोग है। उसने कहा, नेपाल हमारा हमसाया और एक करीबी मित्र है और वह दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) का एक सदस्य है।


Download Android App
Download iOS App



