इस्लामाबाद में बैठे पाकिस्तान के हुक्मरानों के माथे पर चिंता और डर की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं। दरअसल पाकिस्तान को डर है कि भारत सरकार किसान आंदोलन से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक कर सकता है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान ने अपनी सेना को अलर्ट पर रखा है। पाकिस्तान के अंग्रेजी अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक एक अधिकारी ने कहा कि भारत द्वारा कई आंतरिक मुद्दों से दुनिया का ध्यान हटाने के लिए कई तरह की योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिसमें चल रहे किसान आंदोलन भी शामिल है।
उन्होंने कहा “भारत किसी भी समय आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए पुलवामा जैसा नाटक दोहरा सकता है और एलओसी और वर्किंग बाउंड्री के साथ कार्रवाई की योजना बना सकता है।” इससे पहले जियो न्यूज ने विश्वसनीय सूत्रों का हवाला देकर कहा है कि भारत लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) और भारत-पाकिस्तान सीमा पर हमले की तैयारी कर रहा है। हमले की संभावना को देखते हुए पाकिस्तानी सेना को अलर्ट पर रखा गया है। जियो को सूत्रों ने बताया कि भारत सीमा पर ऐक्शन ले सकता है या सर्जिकल स्ट्राइक कर सकता है जिससे की देश की आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटा सके।
बता दें कि 2016 में भारत ने उरी आतंकवादी हमले के बाद पीओके में जाकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। इस सर्जिकल स्ट्राइक में कई आतंकी मारे गए थे और लॉन्च पैड्स को तबाह कर दिया गया था। इसी तरह पुलवामा हमले के बाद भारत ने 26 फरवरी 2019 को एयरस्ट्राइक के जरिए बालाकोट में आतंकी ठिकाने पर हमला किया था। दोनों ही मौकों पर पाकिस्तान की सेना को सर्जिकल स्ट्राइक की भनक तक नहीं लगी।


Download Android App
Download iOS App



