Pakistan News: पाकिस्तान के लाहौर में मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे एक प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से करीब 14 बच्चों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि घनी आबादी वाले काहना नउ इलाके में स्थित इस अकादमी में सात से 13 वर्ष की आयु के 30 से अधिक बच्चे पढ़ रहे थे, तभी अचानक छत ढह गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए। लाहौर के पुलिस उप-महानिरीक्षक (अभियान) फैजल कामरान ने संवाददाताओं को बताया, अब तक मलबे से 14 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

Lahore Tuition Centre Roof Collapse: घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
पुलिस ने बताया कि घायल हुए 20 बच्चों और एक महिला शिक्षिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। कामरान ने बताया, इमारत का एक हिस्सा निर्माणाधीन था और जब छत गिरी, उस वक्त मजदूर काम में लगे हुए थे। हमने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

Lahore Tuition Centre Roof Collapse: बचाव अभियान जारी
लाहौर जिला शिक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तारिक महमूद ने बताया कि इस इमारत में इलाके की एक महिला द्वारा निजी ट्यूशन सेंटर चलाया जा रहा था। ईधी फाउंडेशन ने बताया कि काहना नउ इलाके की बस्ती ईदगाह में स्थित रिहायशी इमारत में चल रही अकादमी की छत अचानक गिर गई। एनजीओ ने बयान में कहा, मृतकों के शवों को जनरल अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है। साथ ही संस्था ने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ बच्चे अब भी मलबे में फंसे हुए हैं।
Pakistan News: दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
संस्था ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। संस्था ने कहा कि बचाव अभियान तेजी से जारी है और मौके पर ईधी फाउंडेशन की एंबुलेंस तैनात हैं, जो आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही हैं। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने पुलिस और जिला प्रशासन को हादसे के जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

ALSO READ: श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा, तीन दिनों में 24 संदिग्ध हिरासत में


Download Android App
Download iOS App




