अमेरिका ने पाकिस्तान से मुंबई आतंकवादी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज मोहम्मद सईद के खिलाफ कानून के अधिकतम दायरे तक मुकदमा चलाने का आग्रह किया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से यह बयान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी की उस टिप्पणी के बाद आया है जिसमें उन्होंने हाफिज सईद को ‘साहिब’ कहा था।
अब्बासी ने मंगलवार को जियो टीवी को दिए गए एक साक्षात्कार के दौरान हाफिज सईद को ‘साहिब’ कहा था। पाकिस्तान के दैनिक समाचार पत्र ‘डॉन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नौअर्ट ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, ‘हम उसे आतंकवादी मानते हैं, जो विदेशी आतंकवादी संगठन का एक हिस्सा है। हमें पूरा विश्वास है कि 2008 के मुंबई हमलों में जिनमें अमेरिकी लोगों समेत कई लोग मारे गए थे वह उस हमले का मास्टरमाइंड था।
सुश्री नौअर्ट ने कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान की सरकार के सामने अपनी बात बहुत स्पष्ट रूप से रख दी है। हमारा मानना है कि हाफिज सईद के खिलाफ कानून के तहत मुकदमा चलाया जाना चाहिए। गौरतलब है कि हाफिज सईद संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक आतंकवादियों की सूची में शामिल है।
अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



