चीन के विकास मॉडल की प्रशंसा करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार आर्थिक वृद्धि को गति देने और गरीबी मिटाने के लिए चीन के औद्योगिक विकास से सीखना चाहती है। खान ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘यदि हम इस दुनिया में किसी देश से सीख सकते हैं तो यह चीन है।
उसका विकास मॉडल पाकिस्तान के लिए सबसे अधिक उपयुक्त है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिस रफ्तार से चीन ने पिछले 30 साल में विकास किया है, वह ऐसी बात है जिससे हम सीख सकते हैं।’’ खान ने कहा कि चीन साबित कर पाया है कि गरीबी उन्मूलन ही असली विकास है।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह उसने औद्योगिकीकरण किया, विशेष निर्यात क्षेत्र बनाए, विदेशों से निवेश हासिल किया और उनका उपयोग अपना निर्यात बढ़ाने के लिए किया..उसके परिणामस्वरूप चीन ने अपनी संपदा में वृद्धि की।’’ उन्होंने कहा,‘‘ उसने उस धन का इस्तेमाल अपने लोगों को गरीबी से उबारने में इस्तेमाल किया… इतिहास में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है।’’ चीन ने पिछले महीने कहा था कि विश्व की सबसे अधिक आबादी वाले देश की सभी काउंटी में गरीबी उन्मूलन कर दिया गया है।
खान ने कहा कि (उनकी) सरकार ने चीनी उद्योगों को आकर्षित करने और उनका स्थान परिवर्तित करने के लिए विशेष आर्थिक क्षेत्र बनाये हैं ताकि वे अपने उत्पादों का पाकिस्तान से निर्यात कर सके।
उन्होंने कहा कि नया साल आर्थिक वृद्धि का साल रहेगा क्योंकि देश सही दिशा में बढ़ रहा है । उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे प्रतिस्पर्धियों की तुलना में हमारा निर्यात बढ़ रहा है, इसलिए पाकिस्तान सही दिशा में चल रहा है।’’


Download Android App
Download iOS App


