इस्लामाबाद : पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद को उस वक़्त बिजली का झटका लगा जब वह ‘कश्मीर ऑवर’ के दौरान एक रैली में भारत के प्रधानमन्त्री के खिलाफ बोल रहे थे। पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को समाप्त करने के भारत के फैसले के कुछ सप्ताह बाद कश्मीर की जनता के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए शुक्रवार को ‘कश्मीर ऑवर’ मनाया।
बड़बोले बयानों के लिए पहचाने जाने वाले राशिद का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह रैली को संबोधित करते हुए कह रहे हैं, ‘‘मोदी हम तुम्हारी नीयतों से वाकिफ हैं।’’ सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि जब राशिद यह बात बोलते हैं तभी उनके हाथ में बिजली का झटका लगता है और वह तुरंत भाषण देना बंद कर देते हैं। उन्होंने भाषण फिर से देना शुरू किया तो कहा, ‘‘करंट लग गया। खैर, कोई बात नहीं। मेरा ख्याल है, करंट आ गया। ये मोदी इस जलसे को नाकाम नहीं कर सकता।’’
राशिद ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कश्मीर के मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान दोनों को धोखा दे रहे हैं। रावलपिंडी में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खान और सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के कार्यकाल में कश्मीर मुद्दे का समाधान निकाल लिया जाएगा। राशिद ने कहा कि कश्मीर की जनता के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए समझौता एक्सप्रेस और थार एक्सप्रेस को बंद कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



