पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के वित्तीय सलाहकार अब्दुल हाफिज शेख ने शनिवार को कहा कि सरकार द्वारा व्यापार और राजकोषीय घाटे की दोहरी मुश्किलों से निपटने से देश की आर्थिक स्थिति सुधरी है। फेडरल ब्यूरो ऑफ रेवेन्यू (एफबीआर) के अध्यक्ष शब्बार जैदी के साथ यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए शेख ने कहा, ‘‘इस साल की पहली तिमाही में व्यापार घाटे में 35 प्रतिशत की गिरावट आयी है जबकि राजकोषीय घाटे में 36 प्रतिशत की कमी है।’’
उन्होंने कहा कि गैर कर राजस्व वसूली में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमने गैर कर राजस्व के रूप में 406 अरब रूपये की वसूली की है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 140 फीसद अधिक है।’’
शेख ने कहा कि इस वित्त वर्ष में गैर कर राजस्व के रूप में 1200 अरब रूपये की वसूली का लक्ष्य था लेकिन सरकार को इस मद में 1600 अरब रूपये मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता से निर्यात में भी तेजी आ रही है। एक सवाल के जवाब में एफबीआर अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारिक समुदाय के साथ बातचीत सकारात्मक ढंग से बढ़ रही है और शीघ्र ही व्यापारियों के सभी मुद्दों का हल निकल आएगा।


Download Android App
Download iOS App



