अमेरिका की एक महिला शिकागो से आइसलैंड की उड़ान में आधे रास्ते में पहुंचने पर कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद तीन घंटे तक विमान के शौचालय में अलग-थलग रही। मीडिया में आयी खबरों में यह जानकारी दी गयी है। टीवी की एक खबर के अनुसार, मिशिगन की एक शिक्षिका मारिसा फोतियो ने बताया कि 19 दिसंबर को उड़ान के दौरान आधे रास्ते में उनके गले में दर्द होने लगा तो वह रैपिड कोविड जांच करने के लिए शौचालय गयीं। जांच में वह संक्रमित पायी गयीं।
फोतियो ने बताया कि विमान में सवार होने से पहले उन्होंने दो पीसीआर जांच और करीब पांच रैपिड जांच कराई थीं और किसी में भी वह संक्रमित नहीं पायी गयीं। लेकिन एक घंटे बाद और विमान में आधे रास्ते में उन्हें गले में तकलीफ महसूस होने लगी। फोतिया ने कोविड-19 रोधी टीके की पूरी खुराक और बूस्टर खुराक भी ले रखी है। वह लगातार जांच करती रहती हैं क्योंकि वह टीके की खुराक न लेने वाले लोगों के साथ काम करती हैं। जब अटलांटिक महासागर पर उड़ान भर रहे विमान के शौचालय में उन्होंने रैपिड कोविड जांच के नतीजे देखे तो वह घबरा गयीं।
खबर के अनुसार, विमान में एक सहायिका ने उन्हें समझाया और उनकी घबराहट दूर करने की कोशिश की। उसने फातियो को बताया कि वह उनके लिए किसी जगह पर अकेली सीट का इंतजाम करने की कोशिश कर सकती है लेकिन विमान सवारियों से भरा हुआ था।
फोतियो ने कहा, ‘‘जब वह वापस आयी और मुझे कहा कि उन्हें बैठाने की उचित जगह नहीं मिल पायी है तो मैंने शौचालय में अलग-थलग रहना ही मुनासिब समझा क्योंकि मैं विमान में सवार अन्य लोगों के संपर्क में नहीं आना चाहती थी।’’ हवाईअड्डे पर पहुंचने पर फोतियो की रैपिड और पीसीआर जांच की गयी जिसमें वह संक्रमित पायी गयीं। इसके बाद उन्हें एक होटल ले जाया गया जहां वह 10 दिनों तक पृथक वास में रहेंगी।


Download Android App
Download iOS App


