अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा है कि वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हटाने के लिए 25वें संशोधन की चर्चा में शामिल नहीं हैं। उन्होंने यह बयान ‘सीबीएस न्यूज’ को दिए साक्षात्कार में दिया। ट्रंप कैबिनेट के सदस्यों के बीच ऐसी किसी चर्चा की संभावना को पेंस ने सिरे से नकार दिया। पेंस इसी सप्ताह ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ में संपादकीय पृष्ठ पर प्रकाशित एक लेख में किए गए दावों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
लेख के लेखक एक वरिष्ठ प्रशासकीय अधिकारी ने ट्रंप के लापरवाह निर्णयों को विफल करने वाले दल का हिस्सा होने का दावा किया था। लेखक ने इसमें कैबिनेट में राष्ट्रपति के खिलाफ 25वें संशोधन के संकेत दिए थे। पेंस ने इसे अपमान मानते हुए कहा,
‘मुझे लगता है कि संपादकीय लेख के लेखक और स्पष्ट रूप से ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ को शर्मिदा होना चाहिए।’ 25वां संशोधन उपराष्ट्रपति और कैबिनेट के बहुमत को यह शक्ति देता है कि यदि राष्ट्रपति अपने पद के अधिकारों और कर्तव्यों के निर्वहन में अक्षम पाए जाते हैं तो वे उन्हें हटा सकते हैं। वर्ष 1967 में संशोधन के आने के बाद से अबतक इसका उपयोग नहीं हो सका है। ट्रंप ने शुक्रवार को महान्यायवादी जेफ सेसंस से लेखक की पहचान की जांच कराने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों पर देशद्रोह का आरोप लगाया था।


Download Android App
Download iOS App



