पाकिस्तान की संसद के अध्यक्ष और सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल को ले जा रहे एक विमान को काबुल हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं दी गई और सुरक्षा कारणों से उसे लौटा दिया गया। इससे पहले काबुल हवाई अड्डे के पास विस्फोटक हुआ था।
नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर संसद के नौ सदस्यों के साथ अफगानिस्तान के अध्यक्ष वोलेसी मीर रहमान रहमानी के निमंत्रण पर तीन दिनों के काबुल दौरे पर गए थे। ‘द डॉन न्यूज’ ने खबर दी कि संसद के अध्यक्ष के एक प्रवक्ता ने कहा कि कैसर तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से काबुल के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उनका विमान जब हवा में था तभी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को सूचित किया गया कि कुछ ‘‘सुरक्षा कारणों’’ से काबुल हवाई अड्डा बंद है।
विमान उतरने ही वाला था कि नियंत्रण टावर ने हवाई अड्डा बंद होने की सूचना दी। हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के कमांडर रियाज आरियान ने अफगानिस्तान के ‘टोलो न्यूज’ को बताया कि हवाई अड्डे के पास एक भवन के अंदर से विस्फोटक बरामद किए गए जिसके बाद कैसर के विमान का मार्ग बदल दिया गया।
समाचार वेबसाइट ने खबर दी कि नाटो के रिसॉल्यूट सपोर्ट मिशन के एक सदस्य ने कहा कि खुदाई करने वाले दल ने विस्फोटक का पता लगाया जो क्षेत्र में ‘‘काफी समय पहले’’ दबाया गया प्रतीत होता है।
‘द डॉन’ ने खबर दी कि कैसर को उनके अफगान समकक्ष के साथ ही अफगानिस्तान की सीनेट के अध्यक्ष फजल हादी ने फोन किया और दोनों अफगान नेताओं ने कहा कि सुरक्षा कारणों से पाकिस्तानी विमान को काबुल हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल जल्द ही अफगानिस्तान का दौरा करेगा।


Download Android App
Download iOS App



