इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को ईरान पर आरोप लगाया कि उसने पिछले हफ्ते ओमान की खाड़ी में इजराइली स्वामित्व वाले एक मालवाहक जहाज पर हमला किया। नेतन्याहू ने इजराइल के सार्वजनिक प्रसारक ‘कान’ से बातचीत में कहा कि “यह वास्तव में ईरान का कृत्य है, यह स्पष्ट है।”
नेतन्याहू ने कहा, “इजराइल का सबसे बड़ा दुश्मन ईरान है, मैं इसे रोकने के लिये प्रतिबद्ध हूं। हम पूरे क्षेत्र में वार कर रहे हैं।” शुक्रवार को ओमान की खाड़ी में इजराइली स्वामित्व वाले पोत एमवी हेलियोस रे में रहस्यमयी तरीके से उस वक्त विस्फोट हुआ जब वह सिंगापुर जा रहा था।
अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के मुताबिक इस धमाके में चालक दल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था लेकिन जहाज में चार छेद हो गए थे। रविवार को उसे मरम्मत के लिये दुबई के बदरगाह लाया गया था। धमाके से पहले जहाज ने कई बंदरगाहों पर कार उतारी थीं।
धमाके के बाद हालांकि उसे आगे की यात्रा टालनी पड़ी और मरम्मत व निरीक्षण के लिये उसे दुबई बंदरगाह लाया गया। हाल के दिनों में इजराइल के रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख दोनों ने संकेत दिये थे कि वे हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार मानते हैं। इजराइल के आरोपों पर फिलहाल ईरान की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच इस घटना ने पश्चिम एशिया के समुद्री क्षेत्र में नए सिरे से सुरक्षा चिंताएं पैदा की हैं।


Download Android App
Download iOS App



