जापान के ओसाका में जी-20 समिट से इतर PM मोदी के कूटनीतिक मुलाकातों का दौर जारी

Summary :

आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने नरेंद्र मोदी के साथ एक सेल्फी को ट्वीट करके कहा, “कितना अच्छा है मोदी! जी20 शिखर सम्मेलन।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के ओसाका में जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर अपने कूटनीतिक मुलाकातों का दौर शनिवार को भी जारी रखा तथा ब्राजील और इंडोनेशिया के राष्ट्रपतियों से मुलाकात की। 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, “करीबी और बहुमुखी रणनीतिक साझेदारी को गहरा करना। नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलोनारो ने जलवायु परिवर्तन के संदर्भ में द्विपक्षीय संबंधों, विशेष रूप से व्यापार और निवेश, कृषि और जैव-ईंधन में सहयोग पर व्यापक चर्चा की।” इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के साथ अपनी बैठक के दौरान पीएम मोदी ने व्यापार और निवेश, रक्षा और समुद्री मोर्चों में द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। 

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, “एक महत्वपूर्ण मित्र से मुलाकात करके जी-20 शिखर सम्मेलन की दूसरे दिन की शुरुआत। मोदी ने राष्ट्रपति विडोडो के साथ वार्ता की।” रवीश कुमार ने लिखा,‘‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के साथ एक उपयोगी बैठक की। व्यापार और निवेश, रक्षा, समुद्री, अंतरिक्ष और भारत-प्रशांत के मसलों पर विचारों के आदान-प्रदान में सहयोग के विस्तार पर चर्चा की।” 

इस बीच आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने नरेंद्र मोदी के साथ एक सेल्फी को ट्वीट करके कहा, “कितना अच्छा है मोदी! जी20 शिखर सम्मेलन।” 

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के ओसाका में एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और व्हाइट हाउस के सलाहकार इवांका ट्रम्प से मुलाकात की। 

वही, पीएम मोदी ने ओसाका में तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन के साथ G-20Summit के मौके पर द्विपक्षीय बैठक की। 
बता दें कि मोदी ने पिछले दो दिनों के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, जापान के प्रधानमंत्री शिंजे आबे और चीन के नेता शी जिनपिंग समेत विश्व के कई प्रमुख नेताओं से मुलाकात की है तथा उनके साथ द्विपक्षीय अथवा बहुपक्षीय बातचीत की है।

Desk Team