G20 Summit का दूसरा दिन : आज फिर हुई PM नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात

Summary :

नरेंद्र मोदी कुछ देर तक अपना अंगूठा हवा में उठाकर डोनाल्ड ट्रंप को विदाई दी। इसके अलावा इस दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस की सलाहकार इवांका ट्रम्प से भी मुलाकात की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच यहां जी-20 शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार को भी अनौपचारिक मुलाकात हुई। जब पीएम मोदी विदेश मंत्री एस जयशंकर तथा जी-20 सम्मेलन के लिए भारत के शेरपा सुरेश प्रभु से किसी मसले पर बातचीत कर रहे थे तभी अचानक ट्रंप वहां टहलते हुए आए तथा मोदी से हाथ मिलाया। 
दोनों नेता काफी कम समय एक-दूसरे के साथ रहे। उन्होंने बाद में हाथ हिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन भी किया। नरेंद्र मोदी कुछ देर तक अपना अंगूठा हवा में उठाकर डोनाल्ड ट्रंप को विदाई दी। इसके अलावा इस दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस की सलाहकार इवांका ट्रम्प से भी मुलाकात की। बता दें कि दोनों नेताओं ने शुक्रवार को व्यापार समझौतों तथा रणनीतिक मसलों समेत व्यापक मुद्दों पर द्विपक्षीय बैठक की थी। 

पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प ने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ जय (जापान, अमेरिका और इंडिया) की रूपरेखा के तहत त्रिपक्षीय बातचीत की थी।  ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा,‘‘भारत और अमेरिका अच्छे दोस्त बन गए हैं और हमारे देश कभी भी इतने करीब नहीं रहे हैं। मैं निश्चित रूप से यह कह सकता हूं।’’

Desk Team