बैंकॉक : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया तथा वियतनाम के अपने समकक्षों से अलग-अलग मुलाकात कर द्विपक्षीय तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मोदी, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और वियतमान के प्रधानमंत्री एनग्वेन शुआन फुक और अन्य कई देशों के नेता आसियान सम्मेलन, पूर्वी एशिया सम्मेलन तथा क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी) सम्मेलन में शिरकत के लिये बैंकॉक में हैं।
प्रधानमंत्री ने फुक से मुलाकात के दौरान भारत और वियतनाम के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने के कदमों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि मोदी ने अगले साल होने वाले आसियान सम्मेलन की अध्यक्षता वियतनाम को सौंपे जाने को लेकर फुक को शुभकामनाएं भी दीं।

कुमार ने ट्वीट किया, मित्रता का बंधन पुराना होने के साथ-साथ मजबूत भी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वियतनाम के प्रधानमंत्री शुआन फुक से मुलाकात गर्मजोशी से भरी रही। उन्होंने अगले साल होने वाले आसियान सम्मेलन की अध्यक्षता वियतनाम को सौंपे जाने को लेकर फुक को शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही हमारी व्यापक सामरिक भागीदारी को मजबूत बनाने के कदमों की समीक्षा भी की।


Download Android App
Download iOS App



