नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। रूसी रक्षा मंत्रालय यूक्रेनी सैन्य ठिकानों और ड्रोन नियंत्रण केंद्रों को निशाना बनाने का दावा किया। मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन के डोनेट्स्क, खार्किव और सूमी क्षेत्रों में हवाई हमले किए।
रूसी समाचार एजेंसी ‘टास’ की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रूसी एयरोस्पेस बलों ने डोनेट्स्क पीपुल्स रिपब्लिक (डीपीआर) के साथ-साथ खार्किव और सूमी क्षेत्रों में यूक्रेनी सैन्य इकाइयों के अस्थायी ठिकानों और ड्रोन नियंत्रण केंद्रों पर हमले किए।
मंत्रालय ने बताया कि रूसी सशस्त्र बलों की टोही कार्रवाई के दौरान यूक्रेनी सैनिकों के अस्थायी तैनाती स्थलों और एक मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) नियंत्रण केंद्र की पहचान की गई। इसके बाद रूसी एयरोस्पेस बलों के विमानों ने फैब-250 हवाई बमों और एलएमयूआर एयर-लॉन्च मिसाइलों का इस्तेमाल करते हुए इन लक्ष्यों पर हवाई हमले किए। फैब-250 बम यूनिवर्सल ग्लाइडिंग और करेक्शन मॉड्यूल से लैस थे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमले डोनेट्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के डोनेट्स्कोये बस्ती के पास यूक्रेन की 63वीं अलग ब्रिगेड के अस्थायी ठिकाने पर किए गए। ‘टास’ की रिपोर्ट के अनुसार, खार्किव क्षेत्र के बोल्दीरेवका इलाके के पास 104वीं अलग टेरिटोरियल डिफेंस ब्रिगेड के अस्थायी तैनाती स्थल को भी निशाना बनाया गया।
मंत्रालय ने बताया कि सूमी क्षेत्र के पोरोजोक बस्ती में स्थित 119वीं अलग टेरिटोरियल डिफेंस ब्रिगेड के ड्रोन नियंत्रण केंद्र पर भी हमला किया गया। रूसी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इन हमलों में यूक्रेनी बलों के अस्थायी ठिकानों और ड्रोन संचालन से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया।
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि रूस के हर कदम, चाहे वह बैलिस्टिक मिसाइलों का उत्पादन बढ़ाना हो, उत्तर कोरियाई हथियारों का इस्तेमाल करना हो या नई सैन्य लामबंदी की तैयारी करना हो, यह साफ दिखाता है कि मॉस्को शांति की दिशा में नहीं बल्कि संघर्ष को और बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
जेलेंस्की ने कहा कि दुनिया को इसका जवाब अभी देना होगा, इंतजार नहीं करना चाहिए। रूस के युद्ध प्रयासों को समर्थन देने वाले उद्योगों और संस्थानों पर और अधिक प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए। साथ ही यूक्रेन को वायु रक्षा (एयर डिफेंस) के क्षेत्र में और मदद की जरूरत है। शांति के लिए अवसर बनाने के लिए ये सभी कदम जरूरी हैं।
–आईएएनएस
एवाई/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



