सऊदी-अरब गठबंधन सेना का हाउथी विद्रोहियों का ड्रोन मार गिराने का दावा

Summary :

सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने यमन के हाउथी विद्रोहियों के एक ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है।

रियाद (शिन्हुआ) : सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने यमन के हाउथी विद्रोहियों के एक ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। 
गठबंधन सेना ने हाउथी विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाये जाने के दावों को खारिज कर दिया। 
सेना ने गुरुवार को सऊदी अरब के शहर खामिस मुशायत की ओर बढ़ रहे एक ड्रोन को नष्ट कर दिया। गठबंधन सेना के प्रवक्ता तुर्क अल मलिकी ने एक बयान में हाउथी विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाये जाने के दावे से इनकार किया। 
उन्होंने कहा कि गठबंधन सेना की सतर्कता के कारण हाउथी विद्रोहियों का ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रहा। 
तुर्क अल मलिकी ने कहा कि हाउथी विद्रोहियों के खिलाफ गठबंधन सेना ठोस कदम उठाना जारी रखेगा।उन्होंने हाउथी विद्रोहियों द्वारा मिसाइल और ड्रोन से नागरिकों और नागरिक स्थलों को लगातार निशाना बनाये जाने की बात भी दोहराई।

Shera Rajput