पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक सिख समुदाय के एक और व्यक्ति को निशाना बनाकर हमला किया गया है। पेशावर के छारसाद्दा रोड पर सिख समुदाय से जुड़े एक हकीम की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने क्लीनिक में घुसकर सतनाम सिंह को चार गोलियां दागीं। इस घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके का घिराव भी किया, लेकिन बताया जा रहा है कि हमलावर वहां से भागने में कामयाब रहे हैं। हालांकि, सरदार सतनाम की हत्या क्यों की गई, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि पुलिस इस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। आतंकवाद के एंगल से भी इसकी जांच की जा रही है।
सतनाम सिंह को घायल अवस्था में लेडी रीडिंग हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आगे कहा कि सतनाम सिंह एक दिन पहले ही हस्सन अब्दाल से पेशावर आए थे। एक्सप्रेस ट्रब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कैपिटल सिटी पुलिस ऑफिसर (CCPO) पेशावर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू और सिख समुदाय को लगातार निशाना बनाया जाता रहा है। और ये पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की कोई खबर सामने आई है। वहां अक्सर इसी तरह अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित किया जाता रहा है और उनकी हत्या भी की जाती रही हैं। 2017 की जनगणना के मुताबिक, पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। उसके बाद दूसरे नंबर पर क्रिश्चियन हैं. जबकि, अहमदी, सिख और पारसी भी वहां अल्पसंख्यक हैं।


Download Android App
Download iOS App



