अमेरिका ने चीन से जेल में बंद ईसाई पादरी वांग यी को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मोर्गन ओर्टागुस ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर यह बात कही। ईसाई पादरी वांग यी को चीन में धार्मिक स्वतंत्रता का समर्थन एवं उसकी वकालत करने के मामले में नौ वर्ष कारावास की सजा सुनाई गयी है।
सुश्री ओर्टागुस ने कहा, ‘‘हमें यह जानकर हैरानी हुई है कि चेंगडु में अर्ली रेन कनवेंट चर्च के पादरी वांग यी को चीन में धार्मिक स्वतंत्रता का शांतिपूर्ण रूप से समर्थन करने के मामले में गुप्त रूप से उन पर मुकदमा चलाकर उन्हें नौ वर्ष कारावास की सजा सुनाई गयी है। हम उनकी बिना किसी शर्त के जल्द से जल्द रिहाई की मांग करते हैं।’’ वक्तव्य के मुताबिक पादरी वांग यी को चेंगडु के चर्च पर कार्रवाई के तहत नौ दिसंबर 2018 को उनके समूह के अन्य सदस्यों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह बीजिंग की चीनी इसाईयों और अन्य धार्मिक समूहों के लोगों के प्रति दमनकारी नीति का एक उदाहरण है।’’ अमेरिका ने चीन से संविधान के तहत सभी नागरिकों के लिए धार्मिक स्वतंत्रता को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का पालन करने का आग्रह किया।


Download Android App
Download iOS App



