श्रीलंकाई नौसेना ने अपनी समुद्री सीमा के उल्लंघन का आरोप लगाकर रविवार को सात भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया और उनकी नौका भी जब्त कर ली। मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रामेश्वरम से शनिवार सुबह सात मछुआरे मछली पकड़ने के लिए समुद, में उतरे थे।
वे जब अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास मछली पकड़ रहे थे, तभी उनकी नाव में कुछ खराबी आ गयी और मौसम भी खराब हो गया जिसके कारण उनकी नाव रास्ता भटक गयी। इसी दौरान वहां गश्त लगा रही श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें उनकी सीमा में घुसने के आरोप में हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिये गये मछुआरों और उनकी नाव को पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए मन्नार ले जाया गया है।
हिरासत में लिये गये मछुआरों की पहचान जोसफ पॉलराज (37), निटो (40), नागराज (45), इन्नासी (22), सुब्रमणि (35), मुनियासामी (48) और सत्यशीलन (25) के रूप में की गयी है। इस माह श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिये जाने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 24 जुलाई को पुडुकोट्टाई जिले के चार मछुआरों और 12 जुलाई को रामनाथपुरम जिले के छह मछुआरों के श्रीलंकाई नौसेना से हिरासत में लिया था।
दोनों घटनाओं में एक-एक नौका भी जब्त की गयी थी। इस बीच रामनाथपुरम के सांसद के नवाज कनि ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मछुआरों की जल्द रिहाई और उनकी नौकाओं को छुड़ने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने श्री जयशंकर से श्रीलंकाई विदेश मंत्री से बातचीत कर मछली पकड़ने के अधिकारों से संबंधित मुद्दे का समाधान और तमिलनाडु के मछुआरों की आजीविका की रक्षा करने का अनुरोध किया।


Download Android App
Download iOS App


