अमेरिकी और नाटो बलों की वापसी के बीच अफगानिस्तान में तालिबान ने बदले की कार्रवाई के तहत देश के दक्षिणी हिस्से में एक हास्य कलाकार की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में हास्य कलाकार नजर मोहम्मद उर्फ खाशा ज्वान को दो लोग थप्पड़ मारते और उन्हें गालियां देते हुए नजर आए। बाद में ज्वान की हत्या की कर दी गयी। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने स्वीकार किया कि दोनों लोग तालिबान से जुड़े थे।
मुजाहिद ने कहा कि दोनों को गिरफ्तार किया गया है और उनपर मुकदमा चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कंधार प्रांत के निवासी ज्वान अफगान नेशनल पुलिस के सदस्य थे। मुजाहिद ने कहा कि तालिबान के सदस्यों को हास्य कलाकार को गिरफ्तार कर उनकी हत्या करने के बजाय तालिबान की अदालत में पेश करना चाहिए था।
इस नृशंस हत्या ने प्रतिशोध के तहत हमलों की आशंका बढ़ा दी है। इससे तालिबान का आश्वासन भी खोखला साबित हो रहा है कि अमेरिकी सेना या अमेरिकी संगठनों के साथ सरकार के लिए काम कर चुके लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। जिन इलाकों में तालिबान ने कब्जा जमा लिया है वहां सैकड़ों लोगों को बंधक बनाने की भी सूचना मिली है और कई जगहों पर स्कूलों में भी आग लगा दी गयी।
प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई की आशंका के कारण अमेरिकी सेना के साथ कम कर चुके 18,000 अफगान नागरिकों ने अमेरिका में विशेष आव्रजन वीजा के लिए आवेदन किया है। अमेरिका और नाटो देशों में सेना के साथ काम कर चुके अफगान नागरिकों को वहां से निकालने की भी मांग बढ़ रही है।


Download Android App
Download iOS App


