अफगानिस्तान में जारी है तालिबानियों का आतंक, सरकारी मीडिया विभाग के प्रमुख की गोली मारकर हत्या

Summary :

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने बताया कि समूह के लड़ाकों ने दावा खान मेनापाल को मार डाला है जो स्थानीय और विदेशी मीडिया के लिए सरकार का प्रेस अभियान संचालित करते थे।

अफगानिस्तान में तालिबान ने शुक्रवार को सरकारी मीडिया सूचना केंद्र के निदेशक की गोली मारकर हत्या कर दी। आंतरिक मंत्रालय के अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि तालिबान ने मेनापाल की हत्या शुक्रवार की नमाज पढ़ते वक्त की। हाल के महीनों में पत्रकारों और अधिकार कार्यकर्ताओं पर किए गए श्रृंखलाबद्ध हमलों में हत्या की यह वारदात नवीनतम है।
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने बताया कि समूह के लड़ाकों ने दावा खान मेनापाल को मार डाला है जो स्थानीय और विदेशी मीडिया के लिए सरकार का प्रेस अभियान संचालित करते थे। मुजाहिद ने बाद में जारी एक बयान में कहा कि मेनापाल को ‘‘मुजाहिदीन के एक विशेष हमले में मारा गया’’ और ‘‘उसे उसके कामों के लिए दंडित किया गया।’’
मुजाहिद ने और अधिक जानकारी नहीं दी। अफगानिस्तान पत्रकारों के लिए दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है। नागरिकों के खिलाफ हाल में किये गए कई हमलों को लेकर इस्लामिक स्टेट द्वारा दावा किया गया है, हालांकि सरकार अक्सर तालिबान को जिम्मेदार ठहराती है।

Desk Team