उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में सीमावर्ती शहर तोरखम के समीप एक प्रमुख राजमार्ग पर मंगलवार सुबह भीषण भूस्खलन में कम से कम दो अफगान नागरिकों की मौत हो गयी, आठ अन्य घायल हो गए तथा करीब 20 ट्रक जमींदोज हो गए। ‘डॉन’ अखबार के अनुसार, अफगानिस्तान सीमा के समीप खैबर पख्तूनख्वा के खैबर दर्रे से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर बिजली गिरने के बाद मंगलवार तड़के भूस्खलन हुआ जिससे सामान ले जा रहे कई ट्रक जमींदोज हो गए।
बचाव अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन में अफगानिस्तान के दो नागरिकों की मौत हो गयी तथा प्राधिकारी उनके शव बरामद करने के प्रयास कर रहे हैं। अखबार ने खैबर जिले के उपायुक्त अब्दुल नासिर खान के हवाले से कहा, ‘‘भूस्खलन में अफगानिस्तान के दो नागरिकों की मौत हो गयी और प्राधिकारी उनके शव बरामद करने की कोशिश कर रहे हैं। कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार किया गया है।’’
अन्य अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन का मलबा बहुत ज्यादा है और बचाव अभियान में भारी मशीनों की मदद ली जा रही है। यह घटना पाकिस्तान को अफगानिस्तान से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर हुई है। इस बीच, अधिकारियों ने यह भी बताया कि भूस्खलन के तुरंत बाद आग लग गयी थी क्योंकि ट्रक चालक गैस स्टोव पर सहरी के लिए भोजन पका रहे थे। आग पर अब काबू पा लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App


