पाकिस्तान के बैन आतंकी समूह जमात उद दावा ने राजनीति में जगह बनाने के लिए एक नई पार्टी बना ली है। इस पार्टी का नाम ‘मिल्ली मुस्लिम लीग’ है। जमात-उद-दावा के सीनियर मेंबर और हाफिज सईद के करीबी सैफुल्ला खालिद को पार्टी का अध्यक्ष बनाया है। बता दें कि हाफिज सईद पिछले 6 महीने से पाकिस्तान में नजरबंद है।
मालूम होता है कि चार दीवारी के भीतर से ही सईद अपनी राजनीतिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। हाफिज सईद ने पिछले दिनों पाकिस्तान चुनाव आयोग में अपनी राजनीतिक पार्टी को मान्यता देने के लिए अर्जी दाखिल की थी। इस मामले पर सैफुल्ला खालिद ने इस्लामाबाद में कहा कि पार्टी पाकिस्तान को ‘एक सही इस्लामी और कल्याणकारी राष्ट्र’ बनाने की दिशा में काम करेगी और वह समान विचारधारा वाले दलों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है।
बता दें कि हाफिज को 31 जनवरी में पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने 90 दिनों तक नजरबंद रखने का फैसला किया था। यह समयसीमा 27 जुलाई को खत्म हो रही थी। इसके बाद इसी हफ्ते उसकी नजरबंदी को दो माह और बढ़ा दिया गया है। हाफिज सईद नवंबर 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमलों के साथ ही भारत में कई हमलों की साजिश का गुनाहगार है।


Download Android App
Download iOS App



