सोमालिया में हुआ अब तक का सबसे शक्तिशाली विस्फोट : 276 लोगों की मौत

Summary :

NULL

मोगादिशू : सोमालिया की राजधानी में हुए अभी तक के सबसे शक्तिशाली विस्फोट में 276 लोग मारे गए और करीब 300 अन्य लोग घायल हो गए। देश के सूचना मंत्री ने आज यह जानकारी दी। मृतकों की संख्या में अभी और बढ़ोतरी हो सकती है। एक ट्वीट में सोमालियाई नेता अब्दीरहमान उस्‍मान ने हमले को ‘‘बर्बर’’ करार दिया। उन्होंने बताया कि तुर्की और केन्या सहित कई देशों ने चिकित्सा सहायता की पेशकेश की है। विदेश मंत्रालय सहित महत्वपूर्ण मंत्रालयों के निकट व्यस्त चौराहे को निशाना बनाकर किये गए ट्रक बम विस्फोट के बाद अस्पतालों में भारी भीड़ लग गई है।

विस्फोट स्थल पर बड़ी संख्या में गुस्साए लोग एकत्रित हुए। सोमालिया सरकार ने हमले को ‘राष्ट्रीय आपदा’ करार देते हुए अल-कायदा से जुड़े चरमपंथी गुट अल-शबाब को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। अफ्रीका का यह घातक चरमपंथी समूह पहले भी कई बार राजधानी के महत्वपूर्ण क्षेत्रों को निशाना बना चुका है। बहरहाल, अभी तक हमले को लेकर उसने कोई टिप्पणी नहीं की है।

ट्रंप प्रशासन और नवनिर्वाचित सोमालियाई राष्ट्रपति के प्रशासन ने इस साल के शुरू में अल-शबाब के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद अल-शबाब ने अपने हमले तेज करने का संकल्प जाहिर किया था। सोमालिया में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत माइकल कीटिंग ने इस हमले की निंदा की है।

Desk Team