अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रशासन से 200 अरब डॉलर के चीनी सामान पर आयात शुल्क लगाने के फैसले को मूर्त रूप देने को कहा है लेकिन अभी इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सीएनएन प्रवक्ता लिंडसे वॉल्टर्स ने शुक्रवार को कहा कि हालांकि इस संबंध में घोषणा के ऐलान का समय स्पष्ट नहीं है।
ट्रंप ने शुल्क के मुद्दे पर इस सप्ताह की शुरुआत में शीर्ष सहयोगियों से मुलाकात की थी और उन्हें इस योजना के अनुरूप आगे बढ़ने के निर्देश दिए थे। वॉल्टर्स ने कहा, ‘राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि वह और उनका प्रशासन चीन की गलत व्यापार नीतियों से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाना जारी रखेगा।’
उन्होंने कहा, ‘हमने अमेरिका द्वारा उठाई गई चिंताओं से निपटने के लिए चीन को प्रोत्साहित किया है।’ ट्रंप ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा था, ‘हम चीन के साथ किसी तरह के समझौते के लिए किसी तरह के दबाव में नहीं हैं। वे हमारे साथ समझौते को लेकर दबाव में हैं।’
इस सप्ताह अमेरिका के वित्त मंत्री स्टीवन मनुचिन ने नए दौर के शुल्क लगाए जाने से पहले चीन के साथ वार्ता बहाल करन का निमंत्रण दिया था। ट्रंप के शीर्ष आर्थिक सलाहकार लैरी कुडलॉ ने बुधवार को फॉक्स न्यूज को बताया था कि अमेरिकी सरकार को सूचना मिली है कि चीन के शीर्ष अधिकारी हमसे वार्ता के इच्छुक हैं।


Download Android App
Download iOS App



