ट्रंप को ‌मिला किम जोंग उन का खत, दोबारा ‌मिलने की जताई इच्छा

Summary :

NULL

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन  से जिस ‘सकारात्मक पत्र’ का इंतजार था, वह उन्हें मिल गया है। इस खत में किम जोंग-उन ने अमेरिकी राष्ट्रपति से जल्द ही दूसरी बार मिलने की इच्छा जाहिर की है। दोनों नेताओं के बीच हाल ही में हुए पत्राचार से ये संकेत मिल रहे हैं।

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने सोमवार को पत्रकारों से बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को किम जोंग उन की एक चिट्ठी मिली है, जो कि काफी सकारात्मक है। इस खत में किम ने दोनों नेताओं के जल्द मिलने की इच्छा जताई है। इसके अलावा किम जोंग उन ने अमेरिका को ये भी जानकारी दी है कि उत्तर कोरिया अपने प्रायद्वीप को परमाणु हथियारों से मुक्त करने की अपनी प्रतिबद्धता जारी रखे हुए है।

आपको बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया की स्थापना की 70वीं वर्षगाठ के अवसर पर सरकार द्वारा आयोजित सैन्य परेड के दौरान परमाणु शस्त्रों की गैरमौजूदगी की सराहना की थी।

ट्रंप ने रविवार को ट्वीट कर कहा, ”उत्तर कोरिया ने देश की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ पर परेड का आयोजन किया जिसमें परमाणु मिसाइल को प्रदर्शित नहीं किया। जो काफी खुशी की बात है।

गौरतलब है कि इसी साल 12 जून को डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग उन के बीच सिंगापुर में ऐतिहासिक मुलाकात हुई थी, जहां दोनों नेताओं ने सकारात्मक रवैया दिखाया था।

Desk Team