अमेरिका : ट्रम्प ने जारी किए लॉकडाउन समाप्त करने संबंधी दिशा निर्देश

Summary :

ट्रम्प ने कहा कि उनका प्रशासन नए संघीय दिशा निर्देश जारी कर रहा है जिससे गवर्नर अपने-अपने राज्यों को फिर से खोलने पर चरणबद्ध तरीके से फैसला ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक दबाव के बीच लंबे समय तक लॉकडाउन से जन स्वास्थ्य पर बहुत गहरा असर पड़ेगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोरोना वायरस (कोविड-19) वैश्विक महामारी से प्रभावित देश की अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने की नयी चरणबद्ध योजना तैयार की। उन्होंने इस योजना को  गुरुवार को पेश करते हुए गवर्नरों को अपने-अपने राज्यों में पाबंदियों को हटाने पर फैसला लेने की अनुमति दी।
अभी अमेरिका की 95 प्रतिशत से अधिक आबादी अपने घरों में बंद है और 2.2 करोड़ से अधिक अमेरिकियों ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन दिया है। अमेरिका में 6,40,000 से अधिक अमेरिकी कोरोना वायरस की चपेट में आए और 32,000 से अधिक लोगों ने जान गंवा दी। ट्रम्प ने कहा कि उनका प्रशासन नए संघीय दिशा निर्देश जारी कर रहा है जिससे गवर्नर अपने-अपने राज्यों को फिर से खोलने पर चरणबद्ध तरीके से फैसला ले सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आर्थिक दबाव के बीच लंबे समय तक लॉकडाउन से जन स्वास्थ्य पर बहुत गहरा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर जमीनी परिस्थितियां ठीक रहीं तो स्वस्थ अमेरिकी काम पर लौट सकेंगे। उन्होंने कहा कि “पूरी तरह लॉकडाउन करने के बजाय हम उच्च जोखिम वाले लोगों को अलग करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।”
राष्ट्रपति ने कहा कि  “अगर वायरस लौटता है जैसा कि कुछ वैज्ञानिकों का मानना है तो इन दिशा निर्देशों से यह सुनिश्चित होगा कि देश चलता रहे ताकि हम जल्दी इससे बाहर आ सकें।” ये दिशा निर्देश सरकार के शीर्ष चिकित्सा विशेषज्ञों ने बनाए हैं और पुष्ट तथ्यों पर आधारित हैं। इन दिशा निर्देशों से गवर्नरों को अपने-अपने राज्यों में स्थिति से निपटने के लिए चरणबद्ध तरीके से अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने का अधिकार दिया गया है। दिशा निर्देशों में नए मामलों, जांच और राज्यों के लिए अस्पताल संसाधनों को पूरा करने पर स्पष्ट मानदंड हैं।
पहले चरण के लिए दिशा निर्देशों में सिफारिश की गई है कि अगर फ्लू जैसे लक्षणों और कोरोना वायरस मामलों की संख्या में 14 दिनों तक गिरावट होती है तो राज्य घरों पर रहने का आदेश तथा अन्य पाबंदियों को हटा सकते हैं। दूसरे चरण में विषाणु की चपेट में आने के लिहाज से संवेदनशील लोगों को एक स्थान पर आश्रय देना, घरों से काम करने के लिए प्रेरित करना और सार्वजनिक स्थानों को बंद रखना शामिल है।

बिहार में 6 महीने की बच्ची कोरोना पॉजिटिव, संक्रमित लोगों की संख्या 83 हुई

कोरोना वायरस पर व्हाइट हाउस कार्य बल के सदस्य डॉ. देबराह ब्रिक्स ने बताया कि तीसरे चरण में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही सामान्य स्थिति बहाल करना है। स्वच्छता के इन नियमों में लोगों के बीच दूरी बनाए रखना शामिल है क्योंकि बिना लक्षण वाले लोगों के इस संक्रामक रोग को फैलाने के मुद्दे अभी बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना वायरस का सबसे बुरा दौर बीत जाने के बाद लोग अपनी जिंदगी फिर से शुरू कर रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि  ‘‘हमारी रणनीति वरिष्ठ नागरिकों और संवेदनशील आबादी की रक्षा करना होगी।’’
ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘‘हमारी दुनिया के इतिहास में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और हमने इस युद्ध को जीतने के लिए इसे बंद किया तथा अब हम इसे जीतने की ओर हैं। हमारा दृष्टिकोण अर्थव्यवस्था को तीन चरणों में खोलना है। हम सब कुछ एक बार में नहीं खोल रहे बल्कि एक बार में एक कदम सावधानीपूर्वक उठा रहे हैं तथा कुछ राज्य दूसरों के मुकाबले जल्दी खुल सकेंगे।’’

Desk Team