अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति पद के चुनाव में उनके प्रतिद्वंदी एवं डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार बाइडेन की पर्यावरण नीतियां अमेरिका के मध्यम वर्ग को तबाह कर देंगी और चीन, रूस एवं भारत समेत दुनिया के सबसे बड़े प्रदूषकों को प्रदूषण फैलाने की पूरी आजादी दे देगी।
ट्रम्प ने फ्लोरिडा के जुपिटर में ‘‘प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का रिकॉर्ड’’ विषय पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका प्रशासन प्रतिदिन यह साबित कर रहा है कि अमेरिका अधिक वेतन वाली लाखों नौकरियां पैदा करने के साथ ही अपने पर्यावरण में भी सुधार कर सकता है। उन्होंने कहा, जो बाइडेन की योजना अमेरिका के मध्यम वर्ग को तबाह कर देगी और चीन, रूस, भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े विदेशी प्रदूषकों को पूरी आजादी दे देगी।
उन्हें अपनी जमीन और हमारी जमीन को साफ करने की आवश्यकता नहीं है। ट्रम्प पर्यावरण के लिए कथित रूप से पर्याप्त कदम नहीं उठाने के लिए चीन, भारत और अन्य देशों को बार-बार जिम्मेदार ठहराते रहे हैं। अमेरिका ने ऐतिहासिक पेरिस पर्यावरण समझौते से पीछे हटने का 2017 में फैसला करते हुए इस समझौते को अनुचित करार दिया था।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि वाम का एजेंडा पर्यावरण की रक्षा करना नहीं, बल्कि अमेरिका को सजा देना है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा प्रशासन कट्टरपंथी विचारधारा पर ध्यान केंद्रित करने की बजाय, असल परिणाम देने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। हमारे देश की हवा कभी इतनी स्वच्छ नहीं रही, जितनी इस समय है।’’


Download Android App
Download iOS App



