ब्रिटेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर स्थानीय मीडिया पर नियंत्रण और मजबूत करने तथा यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में हो रहे नुकसान को अपने देशवासियों से छिपाने की कोशिश करने का शनिवार को आरोप लगाया।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट करके आरोप लगाया कि श्री पुतिन ने अपने देश के मीडिया पर गहरा पहरा डाल रखा है और वह यूक्रेन के साथ युद्ध में देश को पहुंच रही क्षति को छिपाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इस युद्ध में जिस तरह रूस को मुंहतोड़ जवाब मिल रहा है, उससे वह अचंभित हैं। उनका देश इस युद्ध में अपने उद्देश्यों को प्राप्त करने में विफल रहा है।
मंत्रालय ने कहा,‘‘ क्रेमलिन अब तक अपने मूल उद्देश्यों को प्राप्त करने में विफल रहा है। वह कड़ यूक्रेनी प्रतिरोध से आश्चर्यचकित भी है। रूस अपने हमले के तौर-तरीकों में फेरबदल करने के लिए मजबूर हुआ और अंधाधुंध गोलाबारी शुरू कर दी है। नागरिक हताहतों की संख्या में वृद्धि हुई है और यूक्रेन के बुनियादी ढांचे का नुकसान और मानवीय संकट तेज हो गया है। ’’ रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध 24 दिनों से जारी है।
इस संघर्ष का सीधा असर दुनियाभर के देशों पर पड़ता दिख रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच किसी तरह की सुलह की राह फिलहाल नजर नहीं आ रही है। दोनों देशों के बीच कई दौर की वार्ता असफल रही हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध से खाद्य और ऊर्जा कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। इस बीच एक अमेरिकी थिंक टैंक ने गरीबी बढ़ने की चेतावनी जारी की है। थिंक टैंक ने कहा है कि युद्ध की चपेट में आकर दुनिया के चार करोड़ से ज्यादा लोग अत्यधिक गरीब हो सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



