आज संघर्षरत क्षेत्रों में रह रहे हैं दो अरब लोग, 27.4 करोड़ को है मानवीय सहायता की जरूरत : UN महासचिव - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

आज संघर्षरत क्षेत्रों में रह रहे हैं दो अरब लोग, 27.4 करोड़ को है मानवीय सहायता की जरूरत : UN महासचिव

एंटोनियो गुटेरेस ने बयान दिया है कि विश्व में करीब दो अरब लोग आज संघर्षरत इलाकों में रह रहे हैं और दुनिया 1945 में द्वितीय विश्व युद्ध खत्म होने के बाद से सबसे अधिक हिंसक संघर्षों का सामना कर रही है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बयान दिया है कि विश्व में करीब दो अरब लोग आज संघर्षरत इलाकों में रह रहे हैं और दुनिया 1945 में द्वितीय विश्व युद्ध खत्म होने के बाद से सबसे अधिक हिंसक संघर्षों का सामना कर रही है। महासचिव गुटेरेस ने यमन, सीरिया, म्यांमार और सूडान से लेकर हैती तक संघर्षों का हवाला दिया तथा कहा, और अब यूक्रेन में युद्ध सीमाओं से बाहर फैल रहा है और इससे अनाज, ईंधन और उर्वरकों के दाम आसमान छू रहे हैं जिससे विकासशील देशों में आपदा आ गयी है।
इस वर्ष कम से कम 27.4 करोड़ लोगों को मानवीय सहायता की जरूरत होगी : गुटेरेस
गुटेरेस ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा आयोग से कहा कि पिछले साल आठ करोड़ 40 लाख लोगों को संघर्ष, हिंसा और मानवाधिकार उल्लंघनों के कारण अपने घरों से विस्थापित होना पड़ा और इसमें यूक्रेन युद्ध शामिल नहीं है, जिसके कारण पहले ही 40 लाख लोग देश छोड़कर चले गए हैं और 65 लाख लोग देश में ही विस्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि, संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि इस साल कम से कम 27.4 करोड़ लोगों को मानवीय सहायता की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि, यह 2021 से 17 प्रतिशत अधिक है और इसके लिए 41 अरब डॉलर की आवश्यकता होगी।
जनवरी में आयोग की एक रिपोर्ट का भी दिया हवाला
यूएन महासचिव ने जनवरी में आयोग को एक रिपोर्ट में दो अरब लोगों के संघर्षरत देशों में रहने का हवाला भी दिया। उन्होंने दुनियाभर में बढ़ते सैन्य तख्तापलट और सुरक्षाबलों द्वारा सत्ता पर कब्जा करने, बढ़ते परमाणु हथियार, मानवाधिकार और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और संघर्षों से अपराधियों तथा आतंकवादी समूहों को हो रहे फायदे का भी जिक्र किया।
वर्ष 2020 में करीब दो लाख करोड़ डॉलर हो गया था वैश्विक खर्च
महासचिव ने कहा कि संघर्षों का बहुत कम राजनीतिक समाधान देखा गया, जिसमें कोलंबिया उल्लेखनीय अपवाद है। उन्होंने कहा, पिछले दशक में दुनिया ने शांति रक्षा, मानवीय सहायता और शरणार्थी सहयोग पर 349 अरब डॉलर खर्च किए और वैश्विक सैन्य खर्च 2020 में बढ़कर करीब दो लाख करोड़ डॉलर हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 − 7 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।