जापान में लोगों पर चाकुओं से किए गए हमले में एक बच्चे समेत दो लोगों के मारे जाने की आंशका है। आपात सेवाओं ने मंगलवार को बताया कि इस हमले में 17 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। इस तरह का हमला जापान जैसे विकसित देश में बहुत दुर्लभ है जहां हिंसक अपराध बहुत कम होते हैं।
चाकुओं से हमला करने वाले व्यक्ति की मंशा के बारे में तत्काल कुछ पता नहीं चल सका है। यह हमला कावासाकी में सुबह के व्यस्ततम समय में हुआ जब लोग अपने-अपने दफ्तरों के लिए और बच्चे स्कूल के लिए निकल रहे थे। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी यूजी सेकिजावा ने कहा, “एक व्यक्ति एवं एक बच्ची की मौत की आशंका है।”
इससे उनका आशय था कि इनकी मौत तो हो चुकी है लेकिन किसी आधिकारिक चिकित्सीय पेशेवर ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। अग्निशमन विभाग ने बताया कि हमले में 17 अन्य घायल हो गए जिनमें कई बच्चे शामिल हैं। विभाग के एक अन्य प्रवक्ता दाई नगासे ने कहा, “एक व्यक्ति ने उन्हें छुरा मारा।”
उन्होंने कहा, “हमें सुबह करीब पौने आठ बजे एक आपात फोन आया जिसमें बताया गया कि प्राथमिक स्कूल के चार बच्चों पर चाकू से हमला किया गया है।” स्थानीय टीवी चैनलों पर दिखाई जा रही घटना की फुटेज में मौके पर पुलिस की कई कारें, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां नजर आ रहीं हैं।
घायलों के इलाज के लिए आपातकालीन चिकित्सा तम्बू लगाए गए हैं। पुलिस ने कहा कि एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि उसने खुद को भी चाकू मार लिया जिससे उसे गंभीर घाव हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



