Rishi Sunak Announced UK Elections 2024: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बुधवार (22 मई) रात लंदन स्थित 10 डाउनिंग स्ट्रीट से चार जुलाई को देश में आम चुनाव कराए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के लिए अपना भविष्य चुनने का समय आ गया है। किंग चार्ल्स III को चुनाव की टाइमलाइन के बारे में जानकारी देने के बाद जल्द ही संसद भंग कर दी जाएगी। उसके बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी।
दरसल, इससे पहले 2022 में फिक्स्ड टर्म इलेक्शन एक्ट रद्द करने के बाद ब्रिटेन में, प्रधानमंत्री को चुनाव की तारीख तय करने का अधिकार मिला था। प्रधानमंत्री अपनी पार्टी के लिए सबसे फायदेमंद समय देखकर चुनाव की तारीख तय करते हैं। ऋषि सुनक ने अचानक चुनाव में जाने फैसला हाल के आर्थिक सुधारों जैसे कि मुद्रास्फीति में गिरावट और लगभग तीन सालों में सबसे तेज आर्थिक विकास जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए लिया है। हालांकि इसे एक जुए के रूप में देखा जा रहा है।
ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक ने ट्वीटर पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था फ्रांस, जर्मनी और संयुक्त राज्य अमेरिका की तुलना में तेजी से बढ़ रही है। हमें सुबह यह समाचार मिला कि मुद्रास्फीति सामान्य हो गई है। अब यह एक संकेत है कि हमारी योजना और हमारी प्राथमिकताएं काम कर रही हैं। कड़ी मेहनत से हासिल की गई यह आर्थिक स्थिरता केवल शुरुआत के लिए थी और इसीलिए मैंने चुनाव बुलाया है ताकि हम यह तय कर सकें कि क्या हम उस प्रगति को जारी रखना चाहते हैं जो हमने की है या फिर उसी स्तर पर वापस जाने का जोखिम उठाना चाहते हैं बिना किसी योजना और बिना किसी निश्चितता के, मेरा मानना है कि हमारी योजना और हम जो साहसिक कदम उठाने के लिए तैयार हैं, वह एक सुरक्षित भविष्य प्रदान करेगा। ”
आपको बता दें कि बतौर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक चुनाव में पहली बार वोटर्स के सामने जाएंगे। 2022 में सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी ने चुनाव से पहले PM फेस का ऐलान नहीं किया था। चुनाव के बाद पार्टी के संसदीय दल ने सुनक को अपना नेता चुना था। सुनक को करीब 200 सांसदों का समर्थन मिला था, जिसके बाद वे पीएम बने थे। सुनक के पास चुनाव की घोषणा के लिए दिसंबर तक का वक्त था, लेकिन उन्होंने 7 महीने पहले ही इसका ऐलान कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



