नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने क्रिवी रीह के शॉपिंग सेंटर पर गुरुवार को हुए रूसी ड्रोन हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे जानबूझकर फैलाया गया आतंक बताया। उन्होंने रूस पर दबाव बढ़ाने और यूक्रेन की हवाई व मिसाइल रक्षा मजबूत करने पर जोर दिया।
यूरोपीय आयोग के उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ”क्रिवी रीह में एक शॉपिंग सेंटर पर रूस का हमला मॉस्को के युद्ध की क्रूरता और अमानवीयता को पूरी तरह दिखाता है। यह जानबूझकर फैलाया गया आतंक है। रूस चाहता है कि यूक्रेन के शहरों में सामान्य जीवन जीना असंभव हो जाए।”
उन्होंने कहा कि मैं युद्ध शुरू होने के बाद से रूस के खिलाफ अब तक के सबसे व्यापक प्रतिबंधों की सूची पेश कर रही हूं। मॉस्को पर दबाव तब तक और बढ़ाया जाना चाहिए, जब तक वह यह युद्ध खत्म नहीं कर देता।
कल्लास ने कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) के विदेश और रक्षा मंत्री दो सप्ताह से भी कम समय में डबलिन में होने वाली बैठक में यूक्रेन के लिए समर्थन बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इसमें हवाई रक्षा और मिसाइल रक्षा प्रणालियों को और मजबूत करने जैसे मुद्दे भी शामिल होंगे।
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले में मारे जाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि रूसी ड्रोन हमले में 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”क्रिवी रीह में एक शॉपिंग मॉल पर हुए हमले के बाद फिलहाल बचाव अभियान जारी है। इस हमले में बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा कि इस हमले में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 11 बच्चे भी शामिल हैं। यह रूस की ओर से किया गया एक बेहद भयावह और क्रूर हमला है। वे सचमुच किसी भी इंसानियत की सीमा को पार कर चुके हैं। हम इसका जवाब जरूर देंगे।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि यह बहुत जरूरी है कि हमारे पास लोगों की जान बचाने और उनकी सुरक्षा के लिए हर जरूरी साधन मौजूद हों। यह भी जरूरी है कि दुनिया इस सब पर चुप न रहे। इस रूसी युद्ध का अंत होना चाहिए और इसे संभव बनाने के लिए हमें पूरी दुनिया के सहयोग की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं जो इस समय लोगों की मदद कर रहे हैं, चाहे वे क्रिवी रीह में मौके पर मौजूद हों या हमारे अन्य शहरों और समुदायों में राहत कार्यों में जुटे हों। रूसी हमलों में जान गंवाने वाले सभी लोगों की स्मृति को हम हमेशा सम्मान के साथ याद करेंगे।
–आईएएनएस
एवाई/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App


