रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई शुरू करने की घोषणा के बाद से यूक्रेन के कई स्थानों पर धमाके हुए हैं। इस बीच भारत में यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने अपील की है। उन्होंने कहा नई दिल्ली और रूस के बीच विशेष संबंध हैं। ऐसे में नई दिल्ली हालात को नियंत्रित करने में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकती है। पोलिखा ने कहा हम पीएम मोदी से अनुरोध करते हैं कि, वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जल्द से जल्द हमारे राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से संपर्क कराएं।
यूक्रेन में फंसे भारतीय लोगों को निकलना सर्वोच्च प्राथमिकता : भारत
यूक्रेन और रूस के विवाद में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने परिषद को बताया कि भारत ने महज दो दिन पहले ही यूक्रेन पर परिषद की बैठक में तनाव को तत्काल कम करने का आह्वान किया था। और स्थिति से संबंधित सभी मुद्दों को हल करने के लिए कूटनीति केन्द्रित प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया था। इस मामले में भारत ने कहा है कि, हम दोनों देशों के संपर्क में हैं तथा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता यूक्रेन में फंसे 20 हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
बड़े संकट में तब्दील हो सकती है स्थिति : तिरुमूर्ति
तिरुमूर्ति ने कहा, हालांकि, हमें खेद है कि तनाव दूर करने के लिए विभिन्न पक्षों द्वारा की गई पहलों पर ध्यान देने के अंतरराष्ट्रीय समुदाय के आह्वान पर ध्यान नहीं दिया गया। स्थिति के एक बड़े संकट में तब्दील होने का खतरा बना है। भारत ने मौजूदा घटनाक्रम पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि इसे अगर सावधानी से नहीं संभाला गया, तो यह क्षेत्र की शांति तथा सुरक्षा को कमजोर कर सकता है। भारत ने तत्काल तनाव कम करने और ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचने का आह्वान किया, जो स्थिति को और बदतर कर सकती हो।


Download Android App
Download iOS App



