संयुक्त राष्ट्र ने केन्या की राजधानी नैरोबी में हुए भीषण आतंकवादी हमले की कड़ निंदा की है और केन्या के लोगों के साथ एकजुटता जतायी है। संरा महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सेज ने मंगलवार को हमले की कड़ निंदा करते हुए केन्या की सरकार, जनता और राष्ट्रपति के साथ एकजुटता जतायी। श्री गुटेरेस ने न्यूयार्क स्थित संरा मुख्यालय में एक बैठक के दौरान भयानक आतंकवादी हमले की निंदा की।
संरा के प्रवक्ता स्टीफैन दुजार्रिक ने एक बयान जारी करके कहा कि संरा महासचिव ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने बताया कि श्री गुटेरेस नैरोबी के घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। सुश्री गार्सेज ने भी हमले की कड़ निंदा करते हुए केन्या की सरकार तथा जनता के साथ एकजुटता जतायी है। उन्होंने कहा कि ये हमले अति हिंसा के कृत्य हैं जिन्हें समझाया नहीं जा सकता। गौरतलब है कि दुसित डी2 होटल में कई सशस्त्र हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की और विस्फोट भी किया। हमले में 14 लोग मारे गये।


Download Android App
Download iOS App



