अमेरिका के टेक्सास में भारतीय मूल की चार महिलाओं के साथ नस्लीय हमले का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। वीडियो में आरोपी महिला कथित तौर पर आई हेट इंडियन्स कहते हुए भारतीय-अमेरिकी महिलाओं को भारत वापस जाने के लिए कहती नजर आ रही है।
घटना बुधवार रात टेक्सास के डलास में एक पार्किंग में हुई थी। आरोपी महिला वीडियो में खुद को मैक्सिकन-अमेरिकी बताती और भारतीय-अमेरिकी महिलाओं के समूह पर हमला करती दिख रही है। महिला वीडियो में ‘‘मैं तुम भारतीय से नफरत करती हूं। ये सभी भारतीय अमेरिका इसलिए आते हैं क्योंकि वे एक बेहतर जिंदगी चाहते हैं’’ कहती नजर आ रही है।
महात्मा गांधी की प्रतिमा को पहुंचाई गई थी क्षति, व्हाइट हाउस व न्यूयार्क सिटी के महापौर ने की निंदा
मैक्सिकन-अमेरिकी महिला की पहचान प्लानो की एस्मेराल्डा अप्टन के तौर पर हुई है। सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने वाले ने एक व्यक्ति ने लिखा, ‘‘यह घटना टेक्सास के डलास में मेरी मां और उनकी तीन दोस्तों के साथ हुई।’’ वीडियो साझा करने वाले व्यक्ति की मां को वीडियो में मैक्सिकन-अमेरिकी महिला का विरोध करते हुए और नस्लीय गाली नहीं देने का अनुरोध करते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो में आरोपी महिला यह भी कहती नजर आ रही है , ‘‘मैं जहां भी जाती हूं… तुम भारतीय हर जगह मिल जाते हो। अगर भारत में जीवन बेहतरीन है तो तुम यहां क्यों हो।’’ इसके बाद वह अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए चिल्लाती है और भारतीय-महिलाओं के साथ मारपीट करने लगती है।
प्लानो पुलिस के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार दोपहर आरोपी महिला एस्मेराल्डा अप्टन को गिरफ्तार किया। उस पर हमले, शारीरिक चोट पहुंचाने और आतंक भरी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। डेमोक्रेटिक पार्टी से नाता रखने वाली रीमा रसूल ने घटना की निंदा करते हुए ट्वीट किया, “यह बहुत भयावह है। उसके पास वास्तव में एक बंदूक थी और वह गोली चलाना चाहती थी…इस महिला के खिलाफ नस्लीय अपराध का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



