कोरोना संकट में भारत के प्रति एकजुटता जताने वाले प्रस्ताव को मिली सर्वसम्मति, अमेरिकी कांग्रेस ने किया पारित

Summary :

अमेरिकी कांग्रेस की एक अहम समिति ने कोविड-19 संकट के दौरान भारत के प्रति एकजुटता प्रकट करने वाला एक प्रस्ताव बुधवार को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

अमेरिकी कांग्रेस की एक अहम समिति ने कोविड-19 संकट के दौरान भारत के प्रति एकजुटता प्रकट करने वाला एक प्रस्ताव बुधवार को सर्वसम्मति से पारित कर दिया और बाइडन प्रशासन से भारत को पहले के समान चिकित्सा सामान की आपूर्ति करने का अनुरोध किया।
सदन की विदेश मामलों की समिति ने सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया। कांग्रेस में इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष ब्रैड शरमन और स्टीव चाबोट द्वारा पेश इस प्रस्ताव के पास 24 सह-प्रायोजक थे। प्रस्ताव में महामारी की शुरुआत में भारत द्वारा अमेरिका को दी गई मदद का जिक्र करते हुए कहा गया है कि टीकों के उत्पादन में भारत की महत्वपूर्ण वैश्विक भूमिका है और उसने अभी तक कोविड-19 टीकों के संबंध में अन्य देशों की मदद करने की कोशिश की है।
भारत में कोविड-19 स्थिति से निपटने के लिए अमेरिकी प्रशासन, निजी क्षेत्र और भारतीय-अमेरिकी समुदाय की के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रस्ताव में बाइडन प्रशासन से भारत को पहले के समान चिकित्सा सामान की आपूर्ति करने और ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र तथा क्रायोजेनिक ऑक्सीजन टैंकर और कंटेनर समेत उन चिकित्सा सामान की अतिरिक्त आपूर्ति करने का अनुरोध किया गया है जिनकी तत्काल आवश्यकता है।

Desk Team