आतंकवाद से लड़ाई में अमेरिका को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। जानकारी के मुताबिक़ अमेरिकी सैन्य बलों ने सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल कासिम अल रिमी को मार गिराया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पुष्टि की है कि यमन में आतंकवाद रोधी एक बड़े अभियान के तहत अमेरिकी बलों ने ‘अलकायदा इन अरब पैनिन्सुले’ (एक्यूएपी) के संस्थापक एवं नेता कासिम अल रिमी को मार गिराया है।
इसी जिहादी समूह ने अमेरिकी नौसैन्य अड्डे पर गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। अलकायदा प्रमुख अयमान अल जवाहिरी के सहयोगी रिमी (46) को 2015 में अमेरिका के सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल किया गया था। अमेरिका ने रिमी की सूचना देने वाले को एक करोड़ डॉलर का पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
ट्रम्प ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘उसकी मौत एक्यूएपी और अलकायदा की वैश्विक मुहिम को और कमजोर करती है तथा यह हमें उन खतरों को दूर करने की दिशा में और नजदीक लाती है जो ये समूह हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए पैदा करते हैं।’’ हालांकि, ट्रम्प ने यह नहीं बताया कि अमेरिका ने यह अभियान कब चलाया और कैसे चलाया।
एक्यूएपी को अलकायदा की सबसे खतरनाक इकाई माना जाता रहा है जो अमेरिका पर हमला करने की कोशिशें करता रहा है। रिमी ने 18 मिनट के अपने वीडियो में कहा था कि फ्लोरिडा में अमेरिकी नौसैन्य अड्डे पर छह दिसंबर को हुई गोलीबारी के पीछे उसी के समूह का हाथ था। इस हमले में एक सऊदी वायुसेना अधिकारी ने तीन अमेरिकी नाविकों की हत्या कर दी थी।


Download Android App
Download iOS App



