अमेरिका के निर्वतमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ सोमवार को डेमोक्रेटिक पार्टी के 3 सांसदों ने महाभियोग प्रस्ताव पेश करते हुए उन पर पिछले सप्ताह कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद) में अपने समर्थकों को हिंसा भड़काने के लिए उकसाने का आरोप लगाया। यह प्रस्ताव सांसद जैमी रस्किन, डेविड सिसिलीन और टेड ल्यू लेकर आए हैं और इसका समर्थन अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के 211 सदस्यों ने किया है। मीडिया में जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस प्रस्ताव में निर्वतमान राष्ट्रपति पर अपने कदमों के जरिए छह जनवरी को ‘राजद्रोह के लिए उकसाने’ का आरोप लगाया गया है।
इसमें कहा गया है कि ट्रंप ने अपने समर्थकों को कैपिटल बिल्डिंग (संसद परिसर) की घेराबंदी के लिए तब उकसाया, जब वहां इलेक्टोरल कॉलेज के मतों की गिनती चल रही थी और लोगों के धावा बोलने की वजह से यह प्रक्रिया बाधित हुई। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इससे पहले रिपब्लिकन सांसदों ने सोमवार को सदन में डेमोक्रेटिक सदस्यों के उस अनुरोध को खारिज कर दिया था, जिसमें ट्रंप को राष्ट्रपति पद से जल्द हटाने के वास्ते उपराष्ट्रपति पेंस से 25 वें संशोधन को लागू करने के आह्वान पर सर्व सम्मति की मांग की गई थी।
वहीं दूसरी तरफ अमेरिका में कैपिटल हिल्स पर हमले के बाद पहली बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान कहा कि वह अपने कार्यकाल के शेष समय में एक साथ काम करने के लिए वचनबद्ध है। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति की सोमवार को हुई बैठक के बाद एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,‘‘दोनों नेताओं के बीच अच्छी बातचीत हुई। उन्होंने प्रशासन के पिछले 4 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों पर चर्चा की तथा अपने कार्यकाल के शेष समय के लिए देश की ओर से काम जारी रखने की प्रतिबद्धता जतायी।’’
बता दें कि पिछले सप्ताह अमेरिकी संसद में निर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन की जीत के कांग्रेस में प्रमाणीकरण प्रक्रिया के दौरान ट्रंप समर्थकों के कैपिटल हिल्स पर हमले के बाद पेंस और ट्रंप के रिश्ते में खटास आ गई थी। इस हिंसा के लिए डेमोक्रेट्स ने ट्रंप पर समर्थकों को भड़काने का आरोप लगाया था।


Download Android App
Download iOS App



