अफगानिस्तान की मौजूदा स्थिति को लेकर तीखी आलोचना का सामना कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने फिर सफाई दी है। अफगानिस्तान संकट पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि अफगानिस्तान से लोगों को निकाला जा रहा है। अब तक 18 हजार से ज्यादा अमेरिकी लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। हमने इसके लिए फ्लाइट्स की संख्या भी बढ़ाई है वहां से सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।
वही , उन्होंने अफगानिस्तान के भविष्य को लेकर कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया। इस समय अफगानिस्तान में 6000 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। बाइडेन ने कहा कि हमने 20 साल तक अफगानिस्तान के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि आज अकेले 5 हजार से ज्यादा अमेरिकी लोगों को वहां से निकाला गया। बाइडेन ने यह भी कहा कि हम किसी भी हमले का ताकत के साथ जवाब देंगे।
इसके साथ ही लगभग 13,000 लोगों को 14 अगस्त के बाद से अब तक निकाल चुके हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अफगानिस्तान की जमीन को आतंक के रूप में उपयोग करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि लोगों को निकालने का यह मिशन खतरनाक है। इसमें सशस्त्र सेनाओं के लिए काफी रिस्क है, ये मिशन कठिन परिस्थितियों में किया जा रहा है।
बाइडन ने कहा ISIS के आतंकी ज्यादा बड़ा खतरा हैं। नाटो के देश अमेरिका के साथ खड़े हैं। जेल से भगाए गए आतंकी हमला कर सकते हैं।
बाइडन ने कहा कि जी7 के जरिए तालिबान पर अंतरराष्ट्रीय प्रेशर बनाया जाएगा। अमेरिकी सैनिको के वापसी के फैसलो को सही ठहराते हुए बाइडन ने कहा कि ये सही समय है जब अफगानिस्तान में युद्ध को समाप्त किया जाए।
बाइडन ने कहा कि हमारे जवान काबुल एयरपोर्ट की सुरक्षा कर रहे हैं। इससे न सिर्फ सैन्य उड़ानें बल्कि दूसरे देशों के चार्टर विमानों से लोगों को निकाला जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



