विदेश मंत्री एस जयशंकर ने तालिबान और अफगान सरकार के बीच चल रही ऐतिहासिक शांति वार्ता और उससे संबंधित मुद्दों पर मंगलवार को अफगानिस्तान में अमेरिका के विशेष दूत जलमी खलीलजाद के साथ व्यापक चर्चा की। खलीलजाद दोहा में चल रही शांति वार्ता के बीच यहां पहुंचे।
तालिबान और अफगान सरकार के बीच चल रही वार्ता का मकसद अफगानिस्तान में 19 साल से जारी युद्ध को खत्म करना है, जिसमें हजारों लोगों की जान जा चुकी है। जयशंकर ने ट्वीट किया, ”आज शाम अफगानिस्तान में अमेरिका के विशेष दूत जलमी खलीलजाद से मुलाकात की। इस दौरान दोहा में चल रही वार्ता और उससे संबंधित घटनाक्रम पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।”
बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल और विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला भी मौजूद थे। खलीलजाद सोमवार को इस्लामाबाद में थे, जहां उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा से मुलाकात कर अफगान शांति वार्ता और अन्य मुद्दों पर चर्चा की थी।


Download Android App
Download iOS App



